बिहटा का शानदार प्रदर्शन, 15 पदक जीतकर बढ़ाया संस्थान का मान

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल बिहटा (पटना) के विद्यार्थियों ने ऑल इंडिया इंटर-कॉलेज फेस्ट में शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है।

बिहटा : ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल बिहटा (पटना) के विद्यार्थियों ने ऑल इंडिया इंटर-कॉलेज फेस्ट में शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल फरीदाबाद में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के विभिन्न कॉलेजों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि से पूरे संस्थान में खुशी का माहौल है

इस प्रतियोगिता में ईएसआईसी बिहटा के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, उत्साह और खेल भावना का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 15 पदक अपने नाम किए। इसमें आठ स्वर्ण पदक, तीन रजत पदक और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि से पूरे संस्थान में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता कड़ी मेहनत, लगन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। 

विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात है - कॉलेज प्रशासन

इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य पाठ्येतर गतिविधियों में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन एवं शिक्षकों ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात है।

बिहटा से मयंक सिंह की रिपोर्ट