मच्छरों का प्रकोप बढ़ा... एंटी लार्वा छिड़काव के लिए बनीं विशेष टीमें

शहर में मच्छर का प्रकोप बढ़ने लगा है। नगर निगम ने सभी वाडों में एंटी लार्वा के छिड़काव के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। टीमें छिड़काव करने जाएंगी तो जियो टैग फोटो और वीडियो से निगरानी होगी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 07, 2026, 9:30:00 AM

शहर में मच्छर का प्रकोप बढ़ने लगा है। नगर निगम ने सभी वाडों में एंटी लार्वा के छिड़काव के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। टीमें छिड़काव करने जाएंगी तो जियो टैग फोटो और वीडियो से निगरानी होगी। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी छह अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने को कहा है। मैनहोल और कैचपिट की नियमित सफाई करने को भी कहा गया है। सफाई के दौरान एंटी लार्वा का भी छिड़काव करना होगा। जहां कहीं भी पानी के स्थिर होने की स्थिति देखी जा रही है, वहां विशेष उपाय अपनाए जा रहे हैं। लकड़ी की कुत्री को कपड़े में बांधकर लगभग 10 सेंटीमीटर व्यास का गोला तैयार किया जाता है। इसे जले मोबिल में भिगोकर स्थिर पानी में चार-पांच की संख्या में डाला जा रहा है, ताकि पानी की सतह पर परत बन सके। इससे मच्छरों के पनपने की संभावना कम हो सकेगी। 

नाला उड़ाही से लेकर एंटी लार्वा के छिड़काव की दैनिक रिपोर्ट कंट्रोल रूम को उपलब्ध करानी होगी। उसकी समेकित रिपोर्ट मुख्यालय को देनी होगी, ताकि अभियान की नियमित निगरानी की जा सके।

अपने घरों, कूलर, पुराने टायर, गमलों और अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें। कहीं भी फॉगिंग या एंटी लार्वा के छिड़काव की आवश्यकता हो तो नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 155304 पर संपर्क कर सकते हैं