पटना के मुसल्लहपुर हाट में स्थित चर्चित खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले मामले में पुलिस ने एक बड़ा एक्शन लिया है। खान कोचिंग सेंटर के सामने फायरिंग मामले में खान सर कोचिंग के दो गार्ड को हिरासत में लिया गया है। वायरल वीडियो मामले में उनसे पूछताछ की जारी है। वहीं कोचिंग के आस-पास के लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। खान सर कोचिंग में पथराव, तोड़फोड़ और मारपीट की घटना के बीच एक नया वीडियो सामने आया था। वीडियो में एक व्यक्ति हथियार लोड करने के बाद फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने खान सर के कोचिंग सेंटर के दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खान सर कोचिंग विवाद मामले से जुड़े नए वीडियो में देखा जा रहा है कि एक बॉडीगार्ड फायरिंग कर रहा है। 38 सेकंड के वीडियो में यह देखा गया कि कोचिंग सेंटर के बाहर कुछ लोग मौजूद हैं। इस बीच एक शख्स बंदूक को लोड करता है और फायरिंग कर देता है। दावा किया जा रहा था कि खान सर के बयान के दौरान उनके पीछे खड़ा दिखाई देने वाला एक व्यक्ति दूसरे वीडियो में कथित तौर पर फायरिंग करता नजर आ रहा है। फायरिंग कर रहा शख्स खान सर का बॉडीगार्ड ही बताया जा रहा है। अब वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने खान सर के कोचिंग सेंटर के दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मंगलवार की रात खान सर की कोचिंग में घुसकर मारपीट हुई। हमलावरों ने जमकर तोड़फोड़ भी की। मंगलवार रात हुए हमले के बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि उनकी कोचिंग पर हमला सुनियोजित तरीके से कराया गया। उन्होंने शुरुआती बयान में यह भी दावा किया था कि घटना के दौरान 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। हालांकि कुछ ही घंटों बाद खान सर अपने फायरिंग वाले बयान से पीछे हट गए। उन्होंने कहा कि घटना के समय माहौल बेहद तनावपूर्ण था और अफरा-तफरी में उन्हें स्थिति ठीक से समझ नहीं आ सकी। पटना पुलिस ने भी अब तक की जांच में फायरिंग की किसी घटना की पुष्टि नहीं की है।
इस पूरे मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अन्य दो लोगों की पहचान अभिषेक और गौरव के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने भी मीडिया के सामने फायरिंग की बात को खारिज किया था। उनका कहना था कि घटना वाली रात कोई गोलीबारी नहीं हुई थी और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप भी निराधार हैं। उन्होंने खान सर पर साजिश करने का आरोप लगाया है।