पटना में खान सर कोचिंग पर हुए हंगामे और मारपीट मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत उनके दो सहयोगी को गिरफ्तार किया है। इस मामले पर अब चर्चित शिक्षक गुरु रहमान का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कह दिया है कि रोशन आनंद की तरह खान सर को भी गिरफ्तार किया जाए। साथ ही गुरु रहमान ने भोजपुरी स्टार पर हमला करते हुए कहा कि खान सर और रौशन आनंद भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और खेसारी लाल यादव की तरह नौटंकी कर रहे हैं।
खान सर और रौशन सर विवाद पर जोरदार हमला करते हुए गुरु रहमान ने कोचिंग माफियाओं की नौटंकी करार देते हुए दोनों ही पक्षों पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया। गुरु रहमान ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार के डीजीपी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिस्टर खान लगातार नौटंकी कर रहे हैं। जिस तरह पुलिस ने इस विवाद और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में रोशन आनंद को गिरफ्तार किया है, ठीक उसी तरह खान सर को भी तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए ताकि बिहार में शिक्षा के नाम पर चल रहे इस ड्रामे और अराजकता पर पूर्ण विराम लगाया जा सके।
गुरु रहमान ने खान सर और रौशन आनंद की तुलना भोजपुरी सिनेमा के दो बड़े सितारों से करते हुए कहा कि खान सर इस क्षेत्र के 'पवन सिंह' हैं और रोशन आनंद 'खेसारी लाल यादव' हैं। जिस तरह इन दोनों कलाकारों के बीच वर्चस्व की जंग चलती है, वैसे ही ये दोनों भी कर रहे हैं। वहीं कोचिंग संस्थानों द्वारा दरोगा और अन्य परीक्षाओं के नतीजों को लेकर किए जा रहे दावों पर गुरु रहमान ने कहा-12-14 हजार रिजल्ट का दावा झूठा, बिहार की कोचिंग वाले कबूतर उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये दोनों ही शिक्षक नहीं हैं, बल्कि शिक्षक के नाम पर कलंक हैं, जो मासूम छात्रों को केवल भ्रमित करने का काम कर रहे हैं।
वहीं संस्थानों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गुरु रहमान ने कहा कि एक-एक जगह पर 5,000 से अधिक लड़कों का जमावड़ा लगाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि यदि किसी दिन किसी विवाद के कारण इन कोचिंगों में भगदड़ मच जाती है या कोई बड़ा हादसा हो जाता है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
गिरफ्तार किए जाने के बाद रौशन आनंद की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में उनके संस्थान को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। रौशन आनंद ने कहा कि घटना के दौरान किसी तरह की गोलीबारी नहीं हुई है। रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि खान सर और उनकी टीम ज्ञान बिंदु कोचिंग की छवि खराब करने और संस्थान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं घटना के बाद मीडिया से बातचीत में खान सर ने आरोप लगाया कि कुछ प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थानों को उनके कम फीस और बेहतर परिणामों से परेशानी है।
बता दें कि पटना पुलिस की ओर से खान सर के कोचिंग सेंटर हुए हमले को लेकर बयान जारी किया गया है। इसके अनुसार, पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में सोमवार रात करीब 10:10 बजे कुछ लोगों द्वारा ईंट-पत्थर फेंकने और तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई। नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय (पटना) द्वारा जारी बयान के अनुसार, आसपास के लोगों से पूछताछ और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच में पता चला है कि ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े 15 से 20 लोगों ने कथित तौर पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है।