IG सुनील नायक गिरफ्तार: आंध्र प्रदेश पुलिस ने पटना से दबोचा, हत्या के प्रयास का केस दर्ज

पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार होमगार्ड एंड फायर सर्विसेज में IG पद पर तैनात IPS एम. सुनील नायक को आंध्र प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 23, 2026, 1:07:00 PM

पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार होमगार्ड एंड फायर सर्विसेज में IG पद पर तैनात IPS एम. सुनील नायक को आंध्र प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उन्हें अपने साथ लेकर पटना सिविल कोर्ट के लिए रवाना हो गई है। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि IG सुनील कुमार नायक के खिलाफ IPC की धारा 307 यानी हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। यह केस आंध्र प्रदेश के नरसापुरम से पूर्व सांसद K. Raghurama Krishna Raju से जुड़ा हुआ है। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए आंध्र प्रदेश पुलिस की टीम पटना पहुंची थी।

सुबह तड़के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित उनके सरकारी आवास पर आंध्र प्रदेश पुलिस ने दबिश दी। टीम ने घर के भीतर जांच-पड़ताल की। इस दौरान स्थानीय शास्त्री नगर थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। एहतियातन आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न फैले।

जैसे ही IG की गिरफ्तारी की खबर फैली, बड़ी संख्या में होमगार्ड के जवान उनके आवास के बाहर जुट गए। जवानों का आरोप है कि गिरफ्तारी की प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई है। हालांकि आंध्र प्रदेश पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।

फिलहाल सभी की निगाहें पटना सिविल कोर्ट पर टिकी हैं, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यह मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।