पटना में भीषण सड़क हादसा, ऑटो–ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत, वाहन के उड़े परखच्चे

पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बिहटा के लेखनटोला पुल के पास ऑटो और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 01, 2026, 9:25:00 AM

पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बिहटा के लेखनटोला पुल के पास ऑटो और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग मनेर दरगाह में उर्स देखकर ऑटो से आरा लौट रहे थे। इसी दौरान लेखनटोला पुल के पास रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शव करीब 50 मीटर तक सड़क पर बिखर गए। मौके पर चारों तरफ खून फैला हुआ था। ऑटो सवारों के कपड़े, चप्पल और अन्य सामान सड़क पर बिखरे नजर आए। हादसे में दो मासूम बच्चों की भी मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर बिहटा थाना भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मृतकों की पहचान मो. गुड्डु (33), मो. इम्तियाज (30), मो. सहजाद (22), सफान (3) और अल्फी (2) के रूप में हुई है। सभी मृतक आरा के मुस्सेफिल थाना क्षेत्र के दौलतपुर चित्रलेनपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

वहीं हादसे में घायल नाजमी प्रवीण (22) और मो. सलाऊदीन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है और हादसे की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।