देशभर में दशहरा को लेकर धूम है। गांव-गांव शहर-शहर आज शाम रावण दहन होने वाला है। इस अवसर पर बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में भी रावण दहन कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बिहार के सबसे ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। इस बार का रावण 90 फीट का बनाया गया है। जिसकी ऊंचाई पिछले साल से 10 फीट अधिक है। सुरक्षा के लिए 120 सीसीटीवी से गांधी मैदान की निगरानी होगी। सुबह 11 बजे के बाद गांधी मैदान की ओर गाड़ियां नहीं जाएंगी। कार्यक्रम स्थल में एंट्री के लिए आम लोगों और वीआईपी लोगों के लिए कौन-कौन से गेट खुले रहेंगे। आइये जानते हैं इस आर्टिकल में...
रावण वध को लेकर सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक गांधी मैदान की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। गांधी मैदान के अंदर और चारों तरफ के वाहन और ठेला-खोमचा लगाने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। प्रवेश द्वारों पर सघन जांच और स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गांधी मैदान में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग गेट तय किए गए हैं।
–गेट नंबर 1: मुख्य अतिथियों के लिए
–गेट नंबर 4: VIP के लिए
–गेट नंबर 12: VVIP और मीडिया के लिए
–गेट नंबर 13: दशहरा कमेटी के सदस्यों के लिए
आम लोग दूसरे तय गेट से मैदान में प्रवेश कर सकेंगे। महिलाओं की सुविधा के लिए मैदान में दो अलग दीर्घाएं बनाई गई हैं। गांधी मैदान में महिलाओं और पुरुषों के बैठने के लिए अलग-अलग दीर्घाएं बनाई जाएंगी। दर्शकों की सुविधा के लिए मैदान में विभिन्न स्थानों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी रहेगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भीड़ को आसानी से बाहर निकालने के लिए गांधी मैदान के सभी 12 गेट खोल दिए जाएंगे। जिला प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे शाम 4 बजे तक अपनी सीट पर पहुंच जाएं।
बता दें कि गांधी मैदान में रावण का पुतला 90 फीट, मेघनाथ 85 फीट और कुंभकरण का पुतला 80 फीट का बनाया गया है। शाम 4 बजे से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार के राज्यपाल के सहित अन्य लोग मौजूद होंगे। दहन के वक्त रावण की आंखों से अंगारे, मुंह से शोले और कानों-कंधों से रंगीन धुआं निकलता दिखाई देगा। लाइट एंड साउंड इफेक्ट्स के जरिए रावण के हंसने का दृश्य भी दिखाया जाएगा। लंका दहन की प्रस्तुति भी दिखाई जाएगी।
वहीं रावण वध समारोह से पहले दोपहर 2 बजे नागाबाबा ठाकुरबाड़ी से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में रथ पर भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के साथ वानर सेना की झांकी रहेगी। शोभायात्रा शाम 4 बजे तक गांधी मैदान पहुंचेगी। इसके बाद अशोक वाटिका प्रसंग और लंका दहन की प्रस्तुति होगी।
परेशानी होने पर इन नंबरों पर करें कॉल
–जिला नियंत्रण कक्ष: 0612-2219810, 0612-2219234
–पुलिस नियंत्रण कक्ष: 9031825979
–आपातकालीन सहायता: 112