3 महीने में हर अनुमंडल अस्पताल में डायलिसिस सुविधा, किडनी मरीजों को बड़ी राहत

राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अगले तीन महीनों के भीतर राज्य के सभी अनुमंडल अस्पतालों में डायलिसिस की सुविधा शुरू कर दी जाएगी।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 20, 2026, 12:21:00 PM

राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अगले तीन महीनों के भीतर राज्य के सभी अनुमंडल अस्पतालों में डायलिसिस की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। इस पहल से किडनी रोगियों को अब इलाज के लिए जिला अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि उन्हें अपने नजदीकी अस्पताल में ही यह सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक अमित कुमार पांडेय ने जानकारी दी है कि राज्य के सभी 56 अनुमंडल अस्पताल परिसरों में डायलिसिस सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए आवश्यक स्थानों की पहचान कर ली गई है और संबंधित एजेंसियों के साथ एकरारनामा भी पूरा हो चुका है। कई अस्पतालों में डायलिसिस सेंटर की स्थापना अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

उन्होंने बताया कि इन सेंटरों में आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे और प्रशिक्षित व विशेषज्ञ कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि मरीजों को बेहतर और सुरक्षित इलाज मिल सके। इस पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग राज्य स्वास्थ्य समिति के मुख्यालय स्तर से लगातार की जा रही है।

गौरतलब है कि राज्य में वर्तमान में 35 जिला अस्पताल हैं, जहां डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है। लेकिन अब यह सुविधा अनुमंडल स्तर तक पहुंचने से स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार होगा और मरीजों को समय, पैसा और परेशानी—तीनों से राहत मिलेगी।