बिहार में ठंड और घने कोहरे का दौर, 10 डिग्री तक पहुंचा बिहार के 9 शहरों का तापमान, किशनगंज सबसे ठंडा

घने कोहरे ने बिहार को किसी सफेद चादर की तरह ढक लिया है. सुबह की शुरुआत अंधेरे जैसी दिख रही है, दोपहर में भी गाड़ी की हेडलाइटें जलानी पड़ रही हैं और पारा अचानक तेजी से नीचे लुढ़क रहा है

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Dec 12, 2025, 9:19:00 AM

घने कोहरे ने बिहार को किसी सफेद चादर की तरह ढक लिया है. सुबह की शुरुआत अंधेरे जैसी दिख रही है, दोपहर में भी गाड़ी की हेडलाइटें जलानी पड़ रही हैं और पारा अचानक तेजी से नीचे लुढ़क रहा है. कैमूर, रोहतास, किशनगंज जैसे जिलों में तापमान सीजन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुका है

IMD ने चेतावनी दे दी है, अगले दो दिनों में ठंड और कोहरा दोनों मुश्किल बढ़ाने वाले हैं.

बिहार में ठंड बढ़ते जा रही है। 9 शहरों का तापमान 10 डिग्री तक पहुंच गया है। 24 घंटे में किशनगंज सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का तापमान 8.3°C दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान 28.4°C फारबिसगंज (अररिया) में दर्ज किया गया।

शुक्रवार सुबह से खगड़िया, मधुबनी, सुपौल, बेतिया, मधेपुरा, सारण समेत 10 से ज्यादा शहरों में घना कोहरा छाया हुआ है। मधुबनी, सुपौल, छपरा और सीतामढ़ी में जीरो विजिबिलिटी है। कोहरे की वजह से कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। लोग गाड़ी की लाइट जलाकर 10 की स्पीड में गाड़ी चला रहे हैं।

गोपालगंज, बेतिया में सुबह-सुबह लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है।

पटना में फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है। 13 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री तक रहेगा।

पिछले 24 घंटे में पटना का न्यूनतम तापमान 12.6°C दर्ज किया गया। सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई, लेकिन दिन चढ़ते ही धूप निकली और मौसम सामान्य हो गया। वहीं, रात में फिर सर्दी से ठिठुरन महसूस हो रही है।