सीएम नीतीश कुमार की सासू मां विद्यावती देवी का निधन, बांस घाट पर किया जाएगा अंतिम संस्कार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सासू मां विद्यावती देवी का बीती शाम निधन हो गया। वे 90 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Dec 20, 2025, 10:51:00 AM

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सासू मां विद्यावती देवी का बीती शाम निधन हो गया। वे 90 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया था, जहां शाम करीब 6 बजकर 40 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली।

विद्यावती देवी के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री आवास और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। आज सुबह पटना के बांस घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं बांस घाट पहुंचे और अपनी सासू मां को अंतिम विदाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।

अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी भावुक नजर आए। उन्होंने स्वयं चिता को मुखाग्नि दी। बांस घाट पर उस समय भावुक माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे थे। बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता, विधायक, अधिकारी, पारिवारिक सदस्य और करीबी लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

गौरतलब है कि विद्यावती देवी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दिवंगत पत्नी मंजू सिन्हा की माता थीं। मंजू सिन्हा का वर्ष 1995 में निधन हो गया था। इसके बाद से विद्यावती देवी परिवार की सबसे बुजुर्ग सदस्य के रूप में उनके साथ ही रहीं। लंबे समय से बीमारी के कारण उनकी सेहत लगातार गिरती जा रही थी।