पटना, दानापुर और किशनगंज कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, 1 बजे 5 धमाकों का दावा, परिसर खाली

पटना, दानापुर और किशनगंज सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। बुधवार सुबह ईमेल के जरिए भेजी गई इस धमकी में दावा किया गया कि ठीक दोपहर 1 बजे कोर्ट परिसर में पांच बम धमाके होंगे

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 11, 2026, 12:29:00 PM

पटना, दानापुर और किशनगंज सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। बुधवार सुबह ईमेल के जरिए भेजी गई इस धमकी में दावा किया गया कि ठीक दोपहर 1 बजे कोर्ट परिसर में पांच बम धमाके होंगे। मेल में आपत्तिजनक नारे भी लिखे गए हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं।

धमकी मिलते ही प्रशासन ने एहतियातन तुरंत कार्रवाई करते हुए पटना सिविल कोर्ट परिसर को खाली करा लिया। फिलहाल कोर्ट के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं और किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चला रही है। पीरबहोर थाने की पुलिस समेत कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है।

आज पटना सिविल कोर्ट में पप्पू यादव से जुड़े मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन धमकी के कारण उसे टाल दिया गया है। यह छठी बार है जब पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। लगातार मिल रही धमकियों से वकीलों में नाराजगी है। कई अधिवक्ताओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

उधर, किशनगंज कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिली है। मेल में दावा किया गया कि जज चैंबर, वॉशरूम और अन्य जगहों पर आरडीएक्स जैसे विस्फोटक लगाए गए हैं, जिन्हें रिमोट से उड़ाया जा सकता है। इसके बाद वहां भी कोर्ट परिसर खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

फिलहाल सभी जगहों पर जांच जारी है। पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।