बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर के तारापुर विधानसभा क्षेत्र को कई योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार हाफ डे का ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की कि बिहार के सभी स्कूलों में शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई होगी। बीते दिनों बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र में विधान परिषद में सरकारी स्कूलों में शनिवार को हाफ डे की व्यवस्था फिर से लागू करने का मुद्दा उठा था। जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आश्वासन दिया था कि इस पर एक सप्ताह के भीतर निर्णय लिया जाएगा। सदन में पक्ष-विपक्ष के कई विधान पार्षदों ने सरकार से प्रश्न पूछा। अब सीएम सम्राट चौधरी ने शनिवार को हाफ डे की घोषणा कर दी है।
इससे पहले तारापुर विधानसभा क्षेत्र के असरगंज में सीएम सम्राट चौधरी ने रामानंद व परसीराम उच्च माध्यमिक विद्यालय से राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम ने कहा-राज्य के सभी बीएड कॉलेज में चरणबद्ध तरीके से डिग्री महाविद्यालय खोले जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़े। वहीं मुख्यमंत्री ने असरगंज में डिग्री कॉलेज की कमी का जिक्र करते हुए 14 करोड़ रुपये की लागत से कॉलेज का स्थायी भवन बनाने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा-तारापुर विधानसभा क्षेत्र के एक-एक बेरोजगार युवक-युवती की पहचान कर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के लिए जमीन चिह्नित की जा रही है। वहीं सीएम ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में मॉडल विद्यालयों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। मंगलवार को 10 नए माडल विद्यालयों के उद्घाटन के बाद इनकी संख्या 561 हो गई है। इन विद्यालयों में लाइव क्लास, डिजिटल लर्निंग और नीट-जेईई की तैयारी की विशेष व्यवस्था रहेगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को मुंगेर के तारापुर पहुंचे थे। सीएम का हेलीकाप्टर किसान वैदिक उच्च विद्यालय, लौना में उतरा। यहां उन्होंने रिमोट के माध्यम से 10 माडल विद्यालयों का उद्घाटन किया, छात्रों से संवाद किया और विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद हरपुर पहुंचकर आदर्श थाना का उद्घाटन किया तथा भवन का निरीक्षण किया।