बिहार में कोल्ड डे का अलर्ट, विजिबिलिटी 5 मीटर, 31 दिसंबर से मिलेगी राहत

बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पछुआ हवाओं के असर से पूरे राज्य में शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने आज भी बिहार के सभी जिलों के लिए घने कोहरे और कोल्ड-डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Dec 26, 2025, 9:24:00 AM

बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पछुआ हवाओं के असर से पूरे राज्य में शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने आज भी बिहार के सभी जिलों के लिए घने कोहरे और कोल्ड-डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 राजधानी पटना समेत जहानाबाद और आसपास के इलाकों में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। कई जगहों पर विजिबिलिटी घटकर मात्र 10 मीटर तक पहुंच गई है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य के करीब 10 जिलों में घने कुहासे का विशेष अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान सहरसा राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं भागलपुर में तापमान 7.6 डिग्री और गया में 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी साफ नजर आया। कम विजिबिलिटी के कारण बेंगलुरु-पटना और हैदराबाद-पटना की एक-एक जोड़ी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 11 जोड़ी विमान देरी से आए और गए।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर बिहार के मैदानी क्षेत्रों में पड़ रहा है। पहाड़ों से चल रही बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है।

आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। मौसम विभाग ने खास तौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे खुले में निकलने से बचें, गर्म कपड़े पहनें और ठंड से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाएं।