Patna Metro को आज पहली बार शहर के अंदर नए सेक्शन पर चलाया गया। गुरुवार को भूतनाथ मेट्रो स्टेशन से खेमनीचक और मलाही पकड़ी तक मेट्रो का ट्रायल रन किया गया। इस विशेष ट्रायल के कारण आज आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा अस्थायी रूप से बंद रखी गई।
भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच की कुल दूरी 2.75 किलोमीटर है। इस नए एलिवेटेड सेक्शन पर ट्रेन को अलग-अलग गति से चलाकर ट्रैक की मजबूती, ब्रेकिंग सिस्टम, सिग्नलिंग व्यवस्था और स्टेशनों के बीच तालमेल की बारीकी से जांच की जा रही है। तकनीकी टीम हर छोटे-बड़े पहलू पर नजर बनाए हुए है ताकि यात्रियों की सुरक्षा में किसी तरह की कमी न रहे।
फिलहाल भूतनाथ से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल के बीच 3.45 किलोमीटर तक मेट्रो का परिचालन हो रहा है। नए सेक्शन के जुड़ने के बाद पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से मलाही पकड़ी तक कुल 6.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक पर मेट्रो दौड़ेगी। इससे शहर के पूर्वी हिस्से में आवागमन और भी आसान हो जाएगा।
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी यानी CMRS की टीम को 25 फरवरी को निरीक्षण के लिए आना था, लेकिन कुछ कारणों से उनका दौरा स्थगित हो गया। अब यह टीम मार्च महीने में पटना पहुंचेगी। निरीक्षण के दौरान मलाही पकड़ी और खेमनीचक स्टेशनों पर ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, प्लेटफॉर्म की सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और अन्य तकनीकी मानकों की गहन जांच की जाएगी।
अगर सब कुछ तय मानकों के अनुरूप पाया गया, तो होली के बाद मेट्रो सेवा पांच स्टेशनों तक शुरू होने की संभावना है। इससे पटना के लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन की बड़ी सौगात मिलेगी।