नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक युवक ने अपने जन्मदिन के मौके पर डांसर को पार्टी में बुलाया था। बताया जाता है कि किराये के कमरे में आयोजित इस पार्टी के दौरान सात युवक मौजूद थे। इसी बीच दो युवकों पर युवती के साथ जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।
घटना के बाद पुलिस पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुट गई। वहीं एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है। इधर गिरफ्तार आरोपियों में शामिल विकास रंजन ने आरोपों को गलत बताते हुए दावा किया कि सबकुछ पहले से तय था।
उसने आरोप लगाया कि संबंध बनाने के बाद युवती ने 50 हजार रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर साजिश के तहत मामला दर्ज कराया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट