नालंदा जिले के वेन प्रखंड स्थित जघारो गांव में उस वक्त मातम पसर गया, जब एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा झारखंड के रामगढ़ के पास हुआ, जहां रजरप्पा मंदिर दर्शन के लिए जा रही स्कॉर्पियो भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में वाहन में सवार 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि केवल चालक की जान बच सकी। चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने गांव जघारो से झारखंड के रजरप्पा मंदिर जा रहे थे। इस दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मंत्री ने मृतकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने के लिए भगवान से प्रार्थना की है।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट