मुजफ्फरपुर में हॉस्पिटल में लगी भीषण आग, 5 की मौत, 20 से ज्यादा झुलसे, सीएम सम्राट ने मुआवजे का किया ऐलान

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक प्राइवेट अस्पताल के ICU में आग लगने से 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। डीएम ने घटना की जांच का आदेश दिया है। वहीं इस घटना पर सीएम सम्राट चौधरी ने दुख जताया और मृतकों के आश्रितों को मुआवजा देने का ऐलान किया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 04, 2026, 10:57:00 AM

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक प्राइवेट अस्पताल के ICU में आग लगने से 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल की पांचवीं मंजिल पर आईसीयू में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, 20 से ज्यादा लोग झुलस गए। हादसा बुधवार रात करीब 3 बजे हुआ। आग शॉर्ट सर्किट से लगी। इसके बाद ICU में लगे एसी में ब्लास्ट हुआ। डीएम ने घटना की जांच का आदेश दिया है। वहीं इस घटना पर सीएम सम्राट चौधरी ने दुख जताया और मृतकों के आश्रितों को मुआवजा देने का ऐलान किया है। 

मुजफ्फरपुर में निजी अस्पताल में भीषण अगलगी पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है और मृतकों के आश्रितों को 4 लाख मुआवजा देने का ऐलान किया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा है- मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से चार व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें। मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा घायलों के उपचार हेतु सदर अस्पतालों में समुचित व्यवस्था की गई है।

मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर राहत और बचाव कार्य में जुटे एक फायरमैन ने बताया कि उन्हें तड़के लगभग 3:50 बजे अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की टीम मुस्तैदी दिखाते हुए ठीक 4:00 बजे मौके पर पहुंच गई। वहां पहुंचने पर टीम ने देखा कि अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थित आईसीयू (ICU) वॉर्ड में भीषण आग लगी हुई थी। दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और सूझबूझ से रेस्क्यू अभियान चलाकर वॉर्ड के भीतर फंसे 15 से 20 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला।

डीएम ने घटना की जांच का आदेश दिया है। पांच सदस्यीय कमेटी इसकी जांच करेगी। एडीएम आपदा के नेतृत्व में यह कमेटी बनी है। वहीं इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में मीनापुर थाना क्षेत्र के गौरिग्मा गांव निवासी कृष्णनंदन प्रसाद सिंह (76 वर्ष), कथैया थाना क्षेत्र के दिस्टोलिया गांव निवासी गीता देवी (62 वर्ष), औराई थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी व वर्तमान में अहियापुर के नेवालाल चौक निवासी शशांक (30 वर्ष) और शिवहर जिले के तरियानी छपरा थाना क्षेत्र स्थित विशम्भरपुर गांव निवासी उदय कुमार (57 वर्ष) शामिल हैं।

बता दें कि मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल में सुबह करीब 3 बजे आग भड़क उठी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। इस हादसे में अब तक 20 से ज्यादा मरीजों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि इस घटना में 20 से ज़्यादा मरीज़ घायल हुए हैं और उन्हें सुरक्षित रूप से इमारत से बाहर निकाल लिया गया है। कई गंभीर रूप से बीमार मरीज़ों को पास के अस्पतालों में शिफ़्ट कर दिया गया है। इन मरीजों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है और ऐसे में मौतों का आंकड़ा भी बढ़ सकता है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।