पलानवा थाना में कार्यरत चालक राजकुमार शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पुलिस महकमे समेत पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजकुमार शर्मा की मौत छत से गिरने के कारण होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित करने का कार्य शुरू किया। वहीं, रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनीष आनंद स्वयं पलनवा थाना पहुंचे और जांच की प्रगति की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।
मृतक राजकुमार शर्मा हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सिंगहा उज्जैन लोहियार गांव, वार्ड संख्या-06 के निवासी थे। उनके पिता का नाम साधु शर्मा है। परिवार के अनुसार, राजकुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे और अपने पीछे दो पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
राजकुमार शर्मा की असामयिक मृत्यु से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और परिचितों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट