एक झटके में उजड़ गया हंसता खेलता परिवार, पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मोतिहारी के नगर थाना क्षेत्र के शांतिपुरी में रविवार को करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के माधोपुर शेखटोली निवासी 44 वर्षीय मो. मुमताज के तौर पर हुई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मोतिहारी के नगर थाना क्षेत्र के शांतिपुरी में रविवार को करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के माधोपुर शेखटोली निवासी 44 वर्षीय मो. मुमताज के तौर पर हुई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। 

मो. मुमताज बिजली मिस्त्री का काम करते थे। रविवार को वे नगर थाना क्षेत्र के शांतिपुरी में बिजली लाइन ठीक करने गए थे। इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई शुरू हो गई। वे करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि वे गंभीर रूप से झुलस कर वहीं गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत बाइक से सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलते ही मृतक की मां, पत्नी और पांच छोटे बच्चे रोते हुए सदर अस्पताल पहुंचे। वे शव से लिपट कर रोने लगे। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें समझाया और शांत कराया। मृतक की मां जैनब खातून ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा कल ही काम के लिए मोतिहारी आया था। उनकी तबीयत भी ठीक नहीं थी। आज सुबह फोन पर बात हुई थी। मां ने पूछा था कि बेटा कब आएगा, पैसे की जरूरत है। इस पर मुमताज ने कहा था कि अम्मी मैं आ रहा हूं, आप चिंता मत करो, पैसा लेकर आ रहा हूं।

कुछ ही देर बाद उन्हें सूचना मिली कि बेटा करंट लगने से मर गया है। सूचना मिलते ही वे लोग सदर अस्पताल पहुंचे तो देखा कि बेटा बेड पर मृत पड़ा है। मां ने कहा कि अब उनके परिवार को कौन देखेगा। मुमताज घर के अकेले कमाने वाले थे। उनके पांच छोटे बच्चे हैं। उनके पति की पहले ही मौत हो चुकी है।

ऐसे में घर चलाना भी मुश्किल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन और एसआई प्रमोद कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाया और शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट