मधुबनी मेडिकल कॉलेज का विवादित फरमान, रमजान में साथ दिखे छात्र-छात्रा तो करा दिया जाएगा निकाह

बिहार के मधुबनी मेडिकल कॉलेज का एक अजीबोगरीब और विवादित सर्कुलर इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है। कॉलेज प्रशासन ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर छात्र-छात्राओं के साथ खड़े होने पर न केवल पाबंदी लगाई है,

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 27, 2026, 5:03:00 PM

बिहार के मधुबनी मेडिकल कॉलेज से एक अजीबोगरीब और विवादित सर्कुलर सामने आया है, जिसने छात्रों और अभिभावकों के बीच हलचल मचा दी है। कॉलेज प्रशासन की ओर से जारी एक आधिकारिक पत्र में छात्र-छात्राओं के साथ खड़े होने पर पाबंदी लगाने की बात कही गई है। इतना ही नहीं, नियम तोड़ने पर सीधे ‘निकाह’ करा देने की चेतावनी भी दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, यह सर्कुलर कॉलेज के प्राचार्य के हस्ताक्षर और मुहर के साथ जारी किया गया है। पत्र में रमजान के महीने का हवाला देते हुए कहा गया है कि इस पाक महीने के दौरान कोई भी लड़का और लड़की एक साथ खड़े नहीं होंगे। 

सख्त लहजे में लिखे इस आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि कोई छात्र-छात्रा साथ खड़े पाए जाते हैं, तो कॉलेज प्रशासन तुरंत उनका निकाह करा देगा।

सर्कुलर में आगे यह भी उल्लेख है कि यदि किसी ने आदेश का उल्लंघन किया, तो कपल अपने वलीमा यानी शादी के बाद होने वाले भोज के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे। इस तरह की भाषा और चेतावनी ने पूरे कैंपस में हड़कंप मचा दिया है।

छात्रों का कहना है कि यह आदेश न सिर्फ व्यक्तिगत स्वतंत्रता का उल्लंघन है, बल्कि एक शैक्षणिक संस्थान के अधिकार क्षेत्र से भी बाहर है। वहीं, कई अभिभावकों ने भी इस फरमान को तुगलकी बताते हुए प्रशासन से स्पष्टीकरण की मांग की है।

फिलहाल यह सर्कुलर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या किसी कॉलेज प्रशासन को इस तरह के निजी और धार्मिक आधार पर आदेश जारी करने का अधिकार है। अब सबकी नजर प्रशासन की अगली सफाई पर टिकी है।