किशनगंज : किशनगंज डीएम नवीन कुमार के कुशल मार्गदर्शन में सोमवार को कोचाधामन प्रखंड में दिव्यांगजनों के हितार्थ 'दिव्यांगता मेडिकल बोर्ड' का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग एवं स्वास्थ्य विभाग, किशनगंज के संयुक्त समन्वय एवं सहयोग से संपन्न हुआ। शिविर में सिविल सर्जन कार्यालय, किशनगंज द्वारा प्रतिनियुक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा कुल 109 आवेदकों का Physical Assessment (शारीरिक जांच) किया गया।
जांचोपरांत पात्र दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं विशिष्ट दिव्यांगता पहचान-पत्र (UDID) निर्गत करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई, ताकि उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का ससमय लाभ सुनिश्चित हो सके। उल्लेखनीय है कि यह शिविर जिले में लंबित दिव्यांगता प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी आवेदनों के शत-प्रतिशत निष्पादन हेतु संचालित विशेष शिविर शृंखला का अंग है, जिसके अंतर्गत प्रखंडवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर में शिक्षा विभाग (समावेशी शिक्षा) के सहयोग से छह से 18 आयुवर्ग के दिव्यांग बच्चों की जांच को भी प्राथमिकता प्रदान की गई। जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के अधिकार एवं सम्मान की सुरक्षा हेतु प्रतिबद्ध है। दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने प्रखंड में आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर इसका लाभ अवश्य उठाएँ।
किशनगंज से इमाम की रिपोर्ट