जहानाबाद। बिहार के युवा चित्रकार और जहानाबाद के कला शिक्षक दीपू कुमार का चयन प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय युवा कला रत्न सम्मान’ के लिए किया गया है। इस उपलब्धि पर बुधवार को एसबीएमपी प्लस टू विद्यालय, मांदिल में विद्यालय परिवार की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें बधाई दी गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक अशोक कुमार और प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्य सिया शरण प्रसाद ने पुष्पगुच्छ देकर दीपू कुमार को सम्मानित किया।
टिकुली कला और लोक कला को बढ़ावा देने में योगदान
मूल रूप से पटना निवासी दीपू कुमार वर्तमान में एसबीएमपी प्लस टू विद्यालय, मांदिल में कला शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। कला के क्षेत्र में उनके योगदान, विशेष रूप से टिकुली कला और लोक कला के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय युवा कला रत्न सम्मान के लिए चुना गया है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक अशोक कुमार ने कहा कि दीपू कुमार का राष्ट्रीय स्तर के सम्मान के लिए चयन विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कला शिक्षक के रूप में दीपू कुमार विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों के लिए लगातार प्रेरित करते हैं। उनकी उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ जिले का भी मान बढ़ा है।
अंतरराष्ट्रीय कला पर्व में करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व
दीपू कुमार को यह सम्मान राजस्थान के टोंक में आयोजित होने वाले 20वें अंतरराष्ट्रीय कला पर्व ‘क्रेयॉन्स’ में प्रदान किया जाएगा। 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस कला पर्व में देश के विभिन्न राज्यों के कलाकारों के साथ नेपाल और रूस के कलाकार भी हिस्सा लेंगे। इसी मंच पर दीपू कुमार को
‘राष्ट्रीय युवा कला रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान दीपू कुमार अंतरराष्ट्रीय कला मंच पर बिहार का प्रतिनिधित्व भी करेंगे। सम्मान समारोह में सहायक शिक्षक उदित सिंह समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने दीपू कुमार को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट