नीट पेपर लीक: डीएम आवास पर पथराव, हालात पर काबू के लिए पुलिस की हवाई फायरिंग

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 23, 2026, 7:55:00 PM

राज्य के जहानाबाद जिले में नीट पेपर लीक और राजधानी दिल्ली में छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई के विरोध में निकला प्रदर्शन गुरुवार को उस समय उग्र हो गया, जब प्रदर्शनकारी जिला पदाधिकारी आवास की ओर बढ़ गए। इस दौरान कुछ उपद्रवियों द्वारा कथित रूप से पथराव किया गया और डीएम आवास पर लगी नेम प्लेट को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालांकि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने हालात को संभालने की कोशिश की। लेकिन स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने का प्रयास किया। 

पुलिस के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए करीब 10 राउंड हवाई फायरिंग की गई। घटना के दौरान पथराव में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल होने की सूचना है। जिला प्रशासन द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में हालात पर काबू पा लिया गया है और शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है।

वहीं मिली खबर के अनुसार प्रशासन द्वारा घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जहानाबाद से बरूण की रिपोर्ट