जमुई: साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में जमुई साइबर पुलिस को आज बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतर्राष्ट्रीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान दौलतपुर निवासी वीरू कुमार, पिता सुरेश मंडल घर दौलतपुर जिला, थाना जमुई के रूप में हुई है। साइबर डीएसपी अभिषेक ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अलग-अलग लोगों के मोबाइल से पैसे का फ्रॉड कर रकम अलग अलग खातों में डाली जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच की तो उसमें करीब 37 लाख रुपये के लेन-देन पाए गए। इसके बाद लगातार छापेमारी कर वीरू कुमार को जमुई से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। बता दें कि इस मामले में अंतर्राष्ट्रीय कनेक्शन का भी खुलासा किया गया है।
साइबर डीएसपी ने बताया कि आरोपी के मोबाइल से मिले साक्ष्यों से पता चला है कि इस गिरोह के तार अंतर्राज्यीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक जुड़े हैं। मोबाइल में पाकिस्तान, दिल्ली सहित अन्य राज्यों के नंबरों से QR कोड मंगवाने और भेजने के सबूत मिले हैं।
इसी के जरिए ये लोग लोगों से ठगी कर पैसे अपने खाते में डलवाते थे,और उसे अलग अलग QR कोड के जरिये तुरंत ही अलग अलग खाते में भेज देते थे ताकि पैसे एक जगह रहने से शिकायत के बाद स्थगित का खतरा रहता है।
डीएसपी ने कहा कि इस गिरोह में शामिल और अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है। उनकी भी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट