जमुई। शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जमुई जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुरुवार को जमुई पुलिस द्वारा शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व सदर एसडीपीओ अभिषेक कुमार कर रहे थे। इस फ्लैग मार्च में टाउन थाना सहित विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष, पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल थे। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखना, आम जनों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखना था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पूजा पंडालों, मेला क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। साथ ही सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को लगाया गया है, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।
इन रास्तों से गुजरा फ्लैग मार्च
यह फ्लैग मार्च जमुई टाउन थाना से शुरू होकर महाराजगंज चौक, पोस्ट ऑफिस रोड, गांधी पुस्तकालय, सदर अस्पताल, खैरा मोड़, महेश्वरी चौक, बिग शॉप होते हुए नगर परिषद के विभिन्न वार्डों और मुख्य बाजार से गुजरते हुए कचहरी चौक होते हुए श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम पहुंचा। इस दौरान पुलिस ने आम लोगों से संवाद भी किया और उन्हें निर्भय होकर पर्व मनाने का संदेश दिया।
पुलिस ने दिए कड़े निर्देश
फ्लैग मार्च के समापन पर एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपने-अपने चिन्हित स्थानों पर पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें। पूजा पंडालों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा मनाएं। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के इस कदम की सराहना की।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट