जमुई : जिले में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने गिद्धेश्वर रेंज के नगरुआ पहाड़ स्थित जंगलों में सर्च अभियान चलाकर छिपाए गए हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं। अभियान के दौरान दो पुरानी देसी मस्केट राइफल समेत विभिन्न बोर के कारतूस, खाली खोखे और अन्य सामग्री जब्त की गई। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
SSB की 16वीं वाहिनी के कमांडेंट अनिल कुमार पाठानिया के दिशा-निर्देश पर 27 नवंबर को ए-समवाय परासी को गुप्त सूचना मिली थी
जानकारी के अनुसार, एसएसबी की 16वीं वाहिनी के कमांडेंट अनिल कुमार पाठानिया के दिशा-निर्देश पर 27 नवंबर को ए-समवाय परासी को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि नगरुआ पहाड़ के जंगलों में अज्ञात अपराधियों, असामाजिक तत्वों या संदिग्ध नक्सलियों द्वारा अवैध हथियार और कारतूस छिपाकर रखे गए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तलाशी अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
ए-समवाय परासी कैंप के कमांडर सहायक कमांडेंट अरुण कुमार के नेतृत्व में विशेष सर्च टीम गठित की गई
इसके बाद ए-समवाय परासी कैंप के कमांडर सहायक कमांडेंट अरुण कुमार के नेतृत्व में विशेष सर्च टीम गठित की गई। इसमें एसएसबी के 19 जवानों के साथ गरही पुलिस के आरक्षी संतोष कुमार को भी शामिल किया गया। टीम ने नगरुआ पहाड़ के जंगली इलाके में सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए। बरामद सामान में दो पुरानी और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त देसी मस्केट राइफल, 315 बोर के दो मिसफायर कारतूस, छह खाली खोखे, 7.62 एमएम का एक जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा, एक डमी राउंड और एक मैगजीन फिलर शामिल हैं। सुरक्षात्मक उपायों के साथ बरामद सामान को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गरही थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
जिले के संवेदनशील और जंगली इलाकों में नक्सल विरोधी अभियान लगातार चलाया जा रहा है - SSB अधिकारी
SSB अधिकारियों के अनुसार, जिले के संवेदनशील और जंगली इलाकों में नक्सल विरोधी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। सुरक्षा बल संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में चलाए गए अभियानों के दौरान हथियार और गोला-बारूद बरामद किए जा चुके हैं। नगरुआ पहाड़ से हुई इस बरामदगी के बाद इलाके में सुरक्षा बलों की निगरानी और सतर्कता बनाए रखी जा रही है।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट