राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए प्रचार वाहन रवाना, गांव में घूम-घूमकर लोगों को करेगा जागरूक

गोपालगंज में आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता और व्यापक जन-जागरूकता के लिए व्यवहार न्यायालय न्यू बिल्डिंग परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

गोपालगंज में आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता और व्यापक जन-जागरूकता के लिए व्यवहार न्यायालय न्यू बिल्डिंग परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस प्रचार वाहन को जिले के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गीता गुप्ता द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। 

विशेष प्रचार वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों, ग्राम पंचायतों और सुदूर ग्रामीण इलाकों में घूम-घूमकर आम लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और इसके फायदों के प्रति जागरूक करेगा। साथ ही सिविल मुकदमों, बैंक ऋण विवाद, बिजली व पानी के बकाया बिल, श्रम विवाद, दुर्घटना दावों  और अन्य शमनीय आपराधिक मुकदमों का आपसी सहमति से समाधान कराने के लिए जागरूकता रथ को निकाला गया।  

जिला जज ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से मुकदमों के निस्तारण से पक्षकारों का समय और अदालत का भारी खर्च दोनों बचता है। लोक अदालत में पारित आदेश का कोई अपील नहीं होता, जिससे पक्षों के बीच पुरानी रंजिश समाप्त होती है और आपसी सौहार्द बढ़ता है।

न्यायालय प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। 

यदि किसी व्यक्ति का कोई मामला कोर्ट में लंबित है या प्री-लिटिगेशन कोर्ट जाने से पहले का विवाद स्तर पर है, तो वे लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने वादों का शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान करा सकते हैं।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट