विदेश जाने वाले सावधान! समाहरणालय में हुई बैठक, सही प्रक्रिया व पोर्टल रजिस्ट्रेशन को लेकर दिए गए निर्देश

सुरक्षित और वैध विदेश प्रवासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभा कक्ष में एक विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उत्प्रवासी संरक्षक संजय कुमार ने की।

गोपालगंज : सुरक्षित और वैध विदेश प्रवासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभा कक्ष में एक विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उत्प्रवासी संरक्षक संजय कुमार ने की। बैठक का मुख्य ध्येय विदेश में रोजगार तलाश रहे युवाओं और उनके परिवारों को सुरक्षित प्रवासन और इससे जुड़े कानूनी नियमों के प्रति सतर्क करना था।

फर्जी एजेंटों से रहें सावधान, दस्तावेजों की करें गहन जांच

बैठक के दौरान अधिकारियों ने आगाह किया कि विदेश में नौकरी के नाम पर सक्रिय बिचौलियों और फर्जी एजेंटों के झांसे में आने से बचें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विदेश प्रस्थान से पूर्व पासपोर्ट, वीजा, एम्प्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट (रोजगार अनुबंध) और मेडिकल रिपोर्ट जैसे जरूरी दस्तावेजों की पूरी जांच-परख कर लेनी चाहिए। साथ ही, किसी भी गतिविधि के लिए केवल अधिकृत एजेंसियों का ही चयन करें।

जागरूकता सामग्री के जरिए युवाओं को सलाह दी गई कि वे विदेश जाने से पहले अपने रोजगार अनुबंध पत्र को ध्यान से पढ़ें

जागरूकता सामग्री के जरिए युवाओं को सलाह दी गई कि वे विदेश जाने से पहले अपने रोजगार अनुबंध पत्र को ध्यान से पढ़ें। इसमें मिलने वाला वेतन, काम के घंटे, कार्य की प्रकृति और रहने-खाने की व्यवस्था जैसी शर्तों को अच्छी तरह समझ लें। इसके अतिरिक्त, अपने सभी मूल दस्तावेजों की एक प्रति अपने परिजनों के पास जरूर छोड़कर जाएं।

ई-माइग्रेट पोर्टल पर पंजीकरण आवश्यक

बैठक में ई-माइग्रेट पोर्टल के महत्व को रेखांकित किया गया। विदेश जाने वाले इच्छुक व्यक्तियों को इस पोर्टल पर पंजीकृत होने और आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की विधि समझाई गई। अधिकारियों ने कहा कि विदेश में किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति या समस्या उत्पन्न होने पर तुरंत संबंधित भारतीय दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क साधा जाना चाहिए।

संदिग्ध स्थिति में तुरंत करें शिकायत

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुबंध के विदेश भेजना, फर्जी एजेंटों द्वारा पासपोर्ट जब्त कर लेना, जल्द नौकरी का लालच देकर मोटी रकम मांगना जैसी गतिविधियां धोखाधड़ी की श्रेणी में आती हैं। ऐसी स्थिति सामने आने पर तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों या अधिकृत सहायता केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है। बैठक में अमरजीत कुमार (सेक्शन PEO-2), सुमित कुमार (SO) व सामान्य शाखा प्रभारी संदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट