बिहार के गया शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिविल कोर्ट की परीक्षा देने आए दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित शनि मंदिर के पास और बाटा मोड़ के समीप हुआ, जहां एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दोनों युवकों को कुचल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सिविल कोर्ट में प्यून यानी चपरासी पद की परीक्षा देने के लिए गया पहुंचे थे। परीक्षा केंद्र का पता करने के दौरान वे सड़क किनारे खड़े होकर लोगों से जानकारी ले रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रहा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घटनास्थल के पास ठेला लगाकर सामान बेच रहे एक दुकानदार ने बताया कि ट्रैक्टर ने पहले दोनों युवकों को टक्कर मारी और इसके बाद उसकी ठेली से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ठेला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर रखा सारा सामान सड़क पर बिखर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
कोतवाली थाना के इंस्पेक्टर धनंजय कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक युवक मुजफ्फरपुर जिले का और दूसरा भोजपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।