शराब से लदी ट्रक पलटी, लूटने की मची होड़, पुलिस पहुंची

राज्य में पूर्ण रूप से शराबबंदी है। शराब के सेवन से लेकर व्यापार तक पर पूरी तरह से रोक है बावजूद आये दिन शराब के धंधेबाजों के द्वारा इसका धंधा किए जाने की खबर आती रहती है।

दरभंगा: राज्य में पूर्ण रूप से शराबबंदी है। शराब के सेवन से लेकर व्यापार तक पर पूरी तरह से रोक है बावजूद आये दिन शराब के धंधेबाजों के द्वारा इसका धंधा किए जाने की खबर आती रहती है और इसी क्रम में घटना भी घट जाती है। ताजा खबर के अनुसार राज्य के दरभंगा जिले में शराब से लदी ट्रक पलट गयी। जिसके बाद स्थानीय लोगों में इस शराब को लूटने को लेकर होड मच गयी।

मिली खबर के अनुसार दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के बघौल-अटहर मुख्य सड़क के बीच परवाहा बांध के पास बुधवार की देर रात करीब दो बजे शराब लदी एक ट्रक सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते ट्रक से शराब की बोतलें निकालने की होड़ मच गई। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।

बताया जा रहा है कि ट्रक के पलटने के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और ट्रक में लदी शराब निकालने लगे। इधर सूचना मिलने के बाद पुलिस शुक्रवार की करीब सुबह 6:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा थी। ट्रक का नंबर HR 45C 8635 है। अब पुलिस पूरे मामले की पडताल में जुटी हुई है।


दरभंगा से रवि की रिपोर्ट