काजल झाम्ब बनीं बक्सर की जिला जज, DM साहिला हीर ने पोस्टिंग के 48 घंटे बाद की नियुक्ति

पटना उच्च न्यायालय के एक हालिया आदेश के बाद, काजल झांब को बक्सर का नया प्रधान जिला न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Dec 12, 2025, 4:53:00 PM

पटना उच्च न्यायालय के एक हालिया आदेश के बाद, काजल झांब को बक्सर का नया प्रधान जिला न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति लगभग ढाई दशक बाद हुई है, जब जिले को वर्ष 2000 में न्यायाधीश रेखा कुमारी के बाद पहली बार कोई महिला न्यायिक प्रमुख मिली हैं। रेखा कुमारी बाद में पटना उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति बनी थीं। 

काजल झांब की नियुक्ति इसलिए भी खास है क्योंकि यह जिलाधिकारी साहिला हीर (IAS) की पदस्थापना के महज 48 घंटे बाद हुई है। अब, बक्सर जिले के सामान्य प्रशासन और न्याय प्रशासन दोनों का नेतृत्व युवा महिला अधिकारी कर रही हैं। 

अधिवक्ताओं ने इस परिवर्तन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है, उम्मीद जताई है कि यह जिले के प्रशासनिक और न्यायिक माहौल में नई ऊर्जा, पारदर्शिता और सकारात्मक बदलाव लाएगा।

नवनियुक्त प्रधान जिला न्यायाधीश काजल झांब इससे पहले पटना उच्च न्यायालय में निबंधक (प्रशासन) के पद पर कार्यरत थीं और वह जल्द ही बक्सर में अपना कार्यभार संभालेंगी। वर्तमान प्रधान जिला न्यायाधीश हर्षित सिंह का तबादला वैशाली न्यायमंडल कर दिया गया है। 

यह न्यायिक फेरबदल बक्सर के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है और माना जा रहा है कि दो महिला अधिकारियों द्वारा जिले का संचालन न्यायिक और प्रशासनिक माहौल में महत्वपूर्ण सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।