पीरपैंती में में स्थापित हो रहे 2400 मेगावाट थर्मल पावर प्लांट को मिला जनसमर्थन

पीरपैंती में में स्थापित हो रहे 2400 मेगावाट थर्मल पावर प्लांट को मिला जनसमर्थन

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 29, 2026, 4:20:00 PM

भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड में प्रस्तावित 2400 मेगावाट क्षमता वाले अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट को लेकर गुरुवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में पर्यावरणीय जन सुनवाई आयोजित की गई। अदाणी समूह की इस परियोजना के समर्थन में विभिन्न पंचायतों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने हाथ उठाकर अपनी सहमति जताई।

बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित इस जन सुनवाई में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने एकमत से कहा कि पावर प्लांट की स्थापना से क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

ग्रामीणों और वक्ताओं का कहना था कि इस परियोजना के शुरू होने से पीरपैंती रोजगार का प्रमुख केंद्र बन सकता है, जिससे युवाओं को काम की तलाश में बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा। साथ ही यह परियोजना न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि पूरे बिहार की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति को भी मजबूती प्रदान करेगी।

जन सुनवाई की अध्यक्षता भागलपुर के अपर जिला अधिकारी (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन और बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी शंभुनाथ झा ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान अदाणी समूह के वरीय पर्यावरण पदाधिकारी आर. एन. शुक्ला ने परियोजना से जुड़ी तकनीकी जानकारियां साझा कीं और पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनाए जाने वाले उपायों की विस्तार से जानकारी दी।

सुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पर्यावरण सुरक्षा, स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार और क्षेत्रीय विकास कार्यों को लेकर अपनी अपेक्षाएं रखीं। इस पर परियोजना प्रबंधन की ओर से सकारात्मक और भरोसेमंद आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रखंड प्रमुख रश्मि कुमारी, मानिकपुर की मुखिया अरविंद साह, पूर्व विधायक रामविलास पासवान, समाजसेवी मुन्ना सिंह, मुखिया संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार झुम्पा, संजीवनी गंगा एनजीओ के संस्थापक मो. अयाज, जमीनदाता सुशील सिंह, हरिणकोल के सरपंच बरुण गोस्वामी, पीरपैंती की मुखिया गुलफसां परवीन सहित बबली कुमारी, सपना कुमारी और अन्य ग्रामीणों ने अपने विचार रखे।

सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर एसडीएम कहलगांव सी. गुप्ता (भाप्रसे), अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार, अंचलाधिकारी चन्द्रशेखर कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, थाना प्रभारी नीरज कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी और अदाणी पावर के प्रतिनिधि भी मौके पर उपस्थित रहे।