भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड स्थित हरिनकोल पंचायत के पहाड़िया टोला में शुक्रवार को नवनिर्मित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का औपचारिक लोकार्पण किया गया। अदाणी फाउंडेशन ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत इस केंद्र का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य पूरा कर इसे स्थानीय समुदाय को समर्पित किया।
नवीनीकृत आंगनबाड़ी केंद्र को आकर्षक और उपयोगी बनाने के लिए परिसर में टाइल्स और मार्बल बिछाए गए हैं। दीवारों पर रंगीन और शिक्षाप्रद चित्रकारी की गई है ताकि बच्चों को प्रेरणादायक वातावरण मिल सके। रसोईघर का निर्माण व मरम्मत भी कराई गई है। इसके अलावा बच्चों को स्कूल बैग, बैठने के लिए कुर्सियां और अन्य जरूरी शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
उद्घाटन के मौके पर मौजूद अतिथियों ने नामांकित बच्चों से बातचीत की और भविष्य में भी शैक्षणिक व बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय आदिवासी समुदाय के लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने इस पहल को गांव के समग्र विकास की दिशा में अहम कदम बताया।
फाउंडेशन ने केवल आंगनबाड़ी केंद्र तक ही सीमित न रहते हुए गांव की अन्य जरूरतों पर भी ध्यान दिया है। पहाड़िया टोला में पेयजल संकट को देखते हुए दो चापाकल स्थापित किए गए हैं। साथ ही 12 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जिससे रात के समय आवाजाही सुरक्षित और सुगम हो गई है। ग्रामीणों ने इन सुविधाओं के लिए संस्था के प्रति आभार जताया।
लोकार्पण समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, मुखिया दीपक सिंह, थाना प्रभारी नीरज कुमार, किसान चेतना एवं उत्थान समिति के अध्यक्ष श्रवण सिंह, वार्ड सदस्य रिज्जू पहाड़िया समेत अदाणी फाउंडेशन के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल से न केवल बच्चों को बेहतर वातावरण मिलेगा, बल्कि गांव में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार भी होगा, जो सामाजिक विकास की दिशा में सकारात्मक संकेत है।