भागलपुर: नवगछिया पुलिस ने कुख्यात अपराधी सकला यादव को किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

भागलपुर: नवगछिया पुलिस ने कुख्यात अपराधी सकला यादव को किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Nov 18, 2025, 11:51:00 AM

भागलपुर के नवगछिया में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार को नवगछिया पुलिस ने लंबी छापेमारी के बाद दियारा इलाके के कुख्यात अपराधी सकला उर्फ सकलदेव यादव को गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी में पुलिस की विशेष टीम को शंकरपुर दियारा में ऑपरेशन चलाना पड़ा।

नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमारी ने बताया कि परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर शंकरपुर दियारा में कुछ हथियारबंद अपराधी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इस सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई, जिसमें परबत्ता थाना प्रभारी और डीआईयू के सदस्य शामिल थे।

टीम ने एसटीएफ के साथ मिलकर दियारा क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 5-6 संदिग्धों को भागते हुए देखा, जिसमें से सकला यादव को पकड़ने में सफलता मिली। अन्य अपराधी गंगा दियारा की ओर भागने में सफल रहे।

भारी हथियारों की बरामदगी

सकला यादव, जो लत्तीपुर, बिहपुर, भागलपुर का रहने वाला है, से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर राघोपुर दियारा से 5 देसी राइफल (.315 बोर), 2 देसी मास्केट, 35 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया।

आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार सकला यादव पर हत्या, लूट, रंगदारी, फायरिंग, जमीन पर कब्जा और हथियार तस्करी जैसे मामलों में 13 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें कई हत्या और हत्या के प्रयास के मामले भी शामिल हैं।

प्रमुख मामले:

  • खरिक थाना कांड 128/2021 – हत्या (IPC 302)

  • बिहपुर कांड 12/2022 – हत्या के प्रयास, नुकसान और आर्म्स एक्ट

  • बिहपुर कांड 48/2022 – आर्म्स एक्ट

  • बिहपुर कांड 135/2022 – आर्म्स एक्ट

  • बिहपुर कांड 666/2022 – चोरी, जबरन वसूली और धमकी

  • नदी थाना कांड 06/2023 – हत्या और साजिश

  • खरिक कांड 117/2023 – अपहरण और हत्या के प्रयास

  • बिहपुर कांड 142/2023 – सरकारी कार्य में बाधा और फायरिंग

  • बिहपुर कांड 181/2023 – हमला और फायरिंग

  • खरिक कांड 195/2024 – गंभीर आपराधिक धाराएं

  • खरिक कांड 196/2024 – अवैध हथियार और हमला

  • बिहपुर कांड 196/2024 – रंगदारी, धमकी और हमला

  • बिहपुर कांड 119/2025 – गंभीर आपराधिक धाराएं

एसपी प्रेरणा कुमारी ने कहा, "इन अपराधियों का उद्देश्य अवैध हथियारों के सहारे दियारा क्षेत्र में लोगों की जमीन पर जबरन कब्जा करना था। सकला यादव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित दर्जनों मामले दर्ज हैं। अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है।"