अवैध हथियार के साथ 2 गिरफ्तार, पिस्टल-मस्केट और 6 जिंदा कारतूस बरामद

बांका जिले के अमरपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए डुमरामा गांव से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बांका : बांका जिले के अमरपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए डुमरामा गांव से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से देसी पिस्टल, दो देसी मस्कट, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। बांका पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को करीब 2:30 बजे अमरपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि डुमरामा गांव में दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से इकट्ठा हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इसकी पुष्टि की और आवश्यक कार्रवाई के लिए टीम गठित की।

पुलिस टीम ने डुमरामा गांव स्थित वसीर के बंद पड़े मकान में घेराबंदी कर छापेमारी की

पुलिस टीम ने डुमरामा गांव स्थित वसीर, पिता मो. सईद अंसारी के बंद पड़े मकान में घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान दोनों संदिग्धों को मौके से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्टल मैगजीन सहित, दो देसी मस्कट, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामद कारतूस में 7.65 एमएम के दो और आठ एमएम के चार कारतूस शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार उर्फ शुभम भट्टाचार्य उर्फ शुभम कुमार झा (31 वर्ष), अर्जुन भट्टाचार्य वार्ड नंबर-2 और मो. तेहारत (करीब 20 वर्ष), वार्ड नंबर-1 दोनों ग्राम डुमरामा थाना अमरपुर जिला बांका के रूप में हुई है।

इस मामले में अमरपुर थाना कांड में दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है

इस मामले में अमरपुर थाना कांड संख्या 594/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।बांका एसडीपीओ अमर विस्वास ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ अमरपुर थाना के अलावा ईशाकचक, संग्रामपुर, कोतवाली, तिलकामांझी और इस्माइलपुर थानों में लूट एवं आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस के अनुसार, वह पूर्व में कई मामलों में जेल भी जा चुका है।

पुलिस ने 13 सितंबर को बादशाहगंज चौक से एक संदिग्ध को एक देसी कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था

इसी अभियान के तहत पुलिस ने 13 सितंबर को बादशाहगंज चौक से एक संदिग्ध को एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। वहीं 18 सितंबर को लोगाय गांव में छापेमारी के दौरान झुको देवी के पति रिंकू कंवर को एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। अवैध हथियारों की बरामदगी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों के स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस आगे भी छापेमारी अभियान जारी रखेगी।

ब्यूरो रिपोर्ट