पटना : WhatsApp लगातार अपने यूजर्स के चैटिंग एक्सपीरिएंस को बेहतर बनाने के लिए नए फीचर्स पर काम कर रहा है। अब कंपनी Android यूजर्स के लिए चैट को और ज्यादा पर्सनलाइज करने वाला अपडेट टेस्ट कर रही है। इसके तहत यूजर्स को अलग-अलग कैटेगरी में चैट थीम और वॉलपेपर चुनने का ऑप्शन मिल सकता है। फिलहाल यह फीचर सीमित बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।
Live थीम में दिखेगा चलता-फिरता बैकग्राउंड
इस अपडेट का एक खास हिस्सा लाइव कैटेगरी है। इसमें ऐसे एनिमेटेड वॉलपेपर मिलने की उम्मीद है जिनमें बैकग्राउंड पर हल्की और धीमी मूवमेंट दिखाई देगी। इन लाइव वॉलपेपर को नॉर्मल फोटो से अलग पहचानने के लिए थंबनेल पर एक अलग बैज भी दिया जा सकता है।
5 कैटेगरी में मिल सकती हैं चैट थीम
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp Android बीटा वर्जन 2.26.37.6 में नया थीम एक्सपीरियंस टेस्ट किया जा रहा है। चैट थीम पिकर में Featured, Nature, Live, Minimal और Doodle जैसी कैटेगरी देखने को मिल सकती हैं। Featured सेक्शन में अलग-अलग कैटेगरी से चुने गए खास डिजाइन दिखाए जा सकते हैं। Nature में जंगल, पहाड़, समुद्र और रेगिस्तान जैसे नेचर बैकग्राउंड मिल सकते हैं। वहीं Minimal कैटेगरी में साधारण डिजाइन और Doodle में WhatsApp के जाने-पहचाने डूडल पैटर्न वाले बैकग्राउंड शामिल हो सकते हैं।
गैलरी की फोटो और AI से बना वॉलपेपर
WhatsApp यूजर्स को फोन की गैलरी से अपनी पसंद की फोटो चुनकर चैट बैकग्राउंड लगाने का ऑप्शन भी दे सकता है। इसके अलावा एआई की मदद से नया वॉलपेपर तैयार करने का ऑप्शन भी रिपोर्ट में बताया गया है। इससे यूजर्स अपने हिसाब से चैट का लुक तैयार कर सकेंगे।
सिर्फ वॉलपेपर बदलने का भी मिलेगा ऑप्शन
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नए फीचर में चैट थीम और वॉलपेपर को अलग-अलग कस्टमाइज करने की सुविधा भी दी जाएगी। इसका मतलब है कि अगर यूजर को मौजूदा थीम पसंद है लेकिन उसका बैकग्राउंड बदलना है तो पूरी थीम बदलने की जरूरत नहीं होगी।
थीम के हिसाब से बदलेगा चैट बबल का रंग
बताते चलें कि WhatsApp मैसेज बबल के रंग को भी चुने गए थीम और वॉलपेपर के अनुसार, अपने आप सेट कर सकता है। ऐप ऐसा रंग चुन सकता है जिससे मैसेज बैकग्राउंड पर आसानी से पढ़े जा सकें। यूजर को इसे मैन्युअली बदलने का ऑप्शन भी मिल सकता है।
अभी सभी यूजर्स के लिए नहीं आया फीचर
फिलहाल नए चैट थीम और वॉलपेपर की टेस्टिंग सीमित Android बीटा यूजर्स के साथ की जा रही है। इसलिए हर बीटा यूजर को भी यह फीचर तुरंत दिखाई दे, यह जरूरी नहीं है। WhatsApp ने अभी इसके ग्लोबल स्टेबल रोलआउट की तारीख की ऑफिशियल घोषणा भी नहीं की है। लेकिन माना जा रहा है कि कंपनी जल्द ही इस फीचर को रोलआउट कर सकती है। बता दें कि आईफोन यूजर्स को ये फीचर पहले ही मिल चुका है।